दिग्गज टेक कंपनी एपल ने दुनिया भर में 2.5 अरब एक्टिव डिवाइसेज का ऐतिहासिक आंकड़ा दर्ज किया है। सीईओ टिम कुक ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया है। इस कामयाबी में भारत की अहम भूमिका रही है, जहां कंपनी ने दिसंबर तिमाही में अपनी अब तक की सबसे जबरदस्त कमाई की है।
Apple के सीईओ टिम कुक ने हालिया अर्निंग कॉल के दौरान बताया कि कंपनी के एक्टिव डिवाइस की संख्या अब 250 करोड़ तक पहुंच चुकी है। इसमें iPhone, iPad, Mac, Apple Watch और अन्य Apple प्रोडक्ट्स शामिल हैं। इस आंकड़े को कंपनी एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देख रही है।
टिम कुक के अनुसार, जनवरी 2025 में Apple के पास 2.35 अरब एक्टिव डिवाइस थे, जबकि 2024 में यह संख्या 2.2 अरब थी। यानी 2024 से 2026 के बीच करीब 15 करोड़ नए डिवाइस Apple के एक्टिव यूजर बेस में जुड़े हैं, जो लगातार बढ़ती मांग को दिखाता है।
iPhone बना सबसे बड़ा स्टार
इस तिमाही में Apple की iPhone कमाई सालाना आधार पर 23% बढ़कर 85.27 अरब डॉलर पहुंच गई। कंपनी ने इस जबरदस्त ग्रोथ का श्रेय सितंबर में लॉन्च हुए iPhone 17 सीरीज को दिया। सीईओ टिम कुक ने कहा कि iPhone की डिमांड हैरान कर देने वाली रही।
रिकॉर्ड रेवेन्यू के साथ मजबूत शुरुआत
2026 की पहली तिमाही में कंपनी ने कुल 143.8 अरब डॉलर का रिकॉर्ड रेवेन्यू दर्ज किया है। इसमें सबसे बड़ा योगदान आईफोन का रहा, जिसने अकेले 85.3 अरब डॉलर की कमाई की। यह पिछले साल के मुकाबले 23 प्रतिशत की शानदार बढ़त है।
Mac, iPad और अन्य कैटेगरी का हाल
Mac की बिक्री 8.39 अरब डॉलर रही, जो अनुमान से कम रही और सालाना आधार पर 7% की गिरावट दर्ज हुई। वहीं iPad कारोबार ने बेहतर प्रदर्शन किया और 6% की बढ़त के साथ 8.60 अरब डॉलर की कमाई की। खास बात यह रही कि iPad खरीदने वालों में करीब आधे यूजर्स नए थे। वीयरेबल्स, होम और एक्सेसरीज कैटेगरी में एपल को झटका लगा। इस सेगमेंट की कमाई 11.49 अरब डॉलर रही, जो अनुमान से कम रही और सालाना 2% की गिरावट दर्ज हुई।
Apple के Services कारोबार ने 14% की सालाना ग्रोथ के साथ 30.01 अरब डॉलर की कमाई की। इसमें Apple TV, iCloud, AppleCare और विज्ञापन से होने वाली आय शामिल है। टिम कुक के मुताबिक, दिसंबर में Apple TV की व्यूअरशिप 36% बढ़ी।

