Bokaro News: बोकारो के गोमिया प्रखंड में हाथियों के झुंड ने घर में घुसकर एक परिवार के तीन सदस्यों की कुचलकर हत्या कर दी, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। वन विभाग राहत व मुआवजे की प्रक्रिया में जुटा है।
झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत महुआ टांड थाना क्षेत्र के जंगलों से सटे बड़की पुन्नू गांव में गुरुवार अहले सुबह करीब तीन बजे हाथियों के झुंड ने भीषण तांडव मचाया। भोजन की तलाश में पहुंचे पांच हाथियों ने एक घर में घुसकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों को कुचलकर मार डाला।
जान बचाने की कोशिश पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड गंगवा करमाली के घर के आंगन में घुस आया। हाथियों को देखकर गंगवा करमाली जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन हाथियों ने उन्हें सूंड से पकड़कर कुचल दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी कमली देवी बाहर निकलीं और भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उन्हें भी सूंड में लपेटकर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

